कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे मध्यप्रदेश भवन के एट्रियम में वायलिन और तबला वादन से होगी। इसमें किरण कुमार बमनेरे वायलिन तथा मनोज पाटीदार तबले पर प्रस्तुति देंगे।
मध्यप्रदेश भवन से मिली जानकारी के अनुसार, शाम 6 से रात 8 बजे तक प्रथम तल स्थित सभागार में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। इसमें संगीत कलाकार अनिल कुमार जायसवाल और विपिन तिवारी सरोद-सितार की जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। शास्त्रीय संगीत की इन प्रस्तुतियों के जरिए श्रोताओं को भारतीय संगीत की मधुर परंपरा का अनुभव मिलेगा।
समारोह में प्रदेश के पारंपरिक खानपान की भी विशेष व्यवस्था रहेगी। मध्यप्रदेश पर्यटन की कैंटीन में अतिथियों को मालवा और निमाड़ की पारंपरिक थालियां परोसी जाएंगी। इनके माध्यम से दोनों अंचलों के विशिष्ट व्यंजनों और पाक परंपराओं का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के बाद स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
मध्यप्रदेश भवन द्वारा आयोजित यह समारोह राष्ट्रीय राजधानी में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक खानपान को प्रस्तुत करेगा। साथ ही स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर प्रदान करेगा।
















