अंतिम संस्कार से पहले उनका पार्थिव शरीर पटना स्थित ‘अन्नपूर्णा’ आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां राजनीतिक और कारोबारी जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी आवास पहुंचकर डॉ. सिन्हा को नमन किया। दोनों नेताओं ने ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
डॉ. सिन्हा के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने एकजुट होकर श्रद्धांजलि दी। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचीं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, मिथिलेश तिवारी और विजय सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया तथा पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद सहित अनेक नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. आरके सिन्हा ने राजनीति और कारोबारी क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। वे एसआईएस समूह के संस्थापक और चेयरमैन थे। उद्यमी के रूप में सफलता हासिल करने के साथ उन्होंने राज्यसभा सदस्य के तौर पर भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीतिक और औद्योगिक जगत में शोक व्याप्त है।
















