गुवाहाटी, 16 मई।
असम में नई सरकार के गठन के बाद बांग्लादेश से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। इसी क्रम में असम पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने संयुक्त अभियान चलाते हुए सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की और 14 कथित घुसपैठियों को भारत में प्रवेश करने से पहले ही रोक दिया। यह कार्रवाई सीमा पर सतर्कता बढ़ाए जाने के बाद की गई।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीमा पर तैनात सुरक्षाबल लगातार चौकसी बरत रहे हैं और किसी भी प्रकार की घुसपैठ की कोशिश को सफल नहीं होने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतर्क जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 लोगों की पहचान कर उन्हें सीमा पार करने से वहीं रोक दिया।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में अवैध घुसपैठ के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व 14 मई को भी ऐसी ही कार्रवाई सामने आई थी, जिसमें असम पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने 12 कथित घुसपैठियों को भारत में प्रवेश करने से पहले ही पकड़कर उनकी कोशिशों को विफल कर दिया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सीमा पर निगरानी और अधिक मजबूत होती दिख रही है।




.jpg)





