नई दिल्ली, 16 मई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को नीदरलैंड पहुंचे, जहां प्रवासी भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। शनिवार को प्रधानमंत्री ने इस स्वागत की झलकियां साझा करते हुए इसे अत्यंत विशेष अनुभव बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि नीदरलैंड पहुंचने पर भारतीय समुदाय द्वारा किया गया आत्मीय स्वागत दिल को छू लेने वाला था और प्रवासी भारतीयों का यह स्नेह, उत्साह और अपनापन बेहद भावुक करने वाला रहा।
नीदरलैंड में भारतीय प्रवासियों ने उनके सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। इस अवसर पर देश की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करते हुए भव्य प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में भारतीय कलाकारों ने कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम सहित विभिन्न शास्त्रीय नृत्य शैलियों के साथ गरबा नृत्य की प्रस्तुति भी दी, जिसने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बताया था कि वह एम्स्टर्डम पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते के बाद व्यापार और निवेश संबंधों को नई गति मिली है, जिससे सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर बने हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वे इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से मुलाकात करेंगे तथा राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से भी भेंट करेंगे।
यह यात्रा भारत-नीदरलैंड संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ प्रवासी भारतीय समुदाय से जुड़ाव को गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की पांच देशों की यात्रा पर हैं। वे पहले संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे थे और उसके बाद नीदरलैंड आए हैं, जहां वे 17 मई तक रहेंगे।













.jpg)
.jpg)