अपराध
16 May, 2026

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालना पड़ा भारी, मेरठ का सप्लायर और नाबालिग गिरफ्तार

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मेरठ के सप्लायर और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस बरामद किए।

नई दिल्ली, 16 मई।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए मेरठ के एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है, जो सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें अपलोड कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले हैं, जबकि पहले से की गई बरामदगी में दो पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन शामिल है। यह पूरा मामला आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज केस की जांच से जुड़ा है, जिसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही थी।

इससे पहले सोनिया विहार क्षेत्र के नवीन उर्फ विवेक को गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में उसने बताया था कि वह मेरठ से हथियार खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता है। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस मेरठ निवासी दानिश तक पहुंची।

लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद 13 मई को दानिश को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में सामने आया कि वह एनसीआर के अपराधियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराता था और पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि मेरठ के दिल्ली गेट थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

इसी दौरान जांच में एक नाबालिग की भूमिका भी सामने आई, जो सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें डालता था। इसी सुराग के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ और 14 मई को उसे भी पकड़ लिया गया। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालना अब आपराधिक नेटवर्क के लिए पहचान और संपर्क का माध्यम बनता जा रहा है, जिस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़