नई दिल्ली, 16 मई।
शाहदरा जिले की साइबर थाना पुलिस ने डेटिंग एप और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सेक्सटॉर्शन के जरिए देशभर में ठगी करने का आरोप है, जिसके पास से कई आपत्तिजनक सामग्री और तकनीकी उपकरण बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अरमान के रूप में हुई है, जो राजस्थान के डीग जिले के एक गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन, ग्यारह सिम कार्ड और बड़ी संख्या में अश्लील वीडियो जब्त किए हैं, जिनका उपयोग वह लोगों को ब्लैकमेल करने में करता था।
पुलिस के अनुसार 13 मई को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज हुई थी, जिसमें पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने पहले डेटिंग एप के जरिए उससे संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाई। इसके बाद एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल कर उसे जाल में फंसाया गया।
वीडियो कॉल के दौरान पहले से रिकॉर्ड अश्लील वीडियो चलाकर पीड़ित को भी वैसी हरकतें करने के लिए उकसाया गया और उसी दौरान उसकी रिकॉर्डिंग कर ली गई। बाद में इसी वीडियो के आधार पर धमकी देकर पैसे वसूले जाने लगे, जिसमें सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई।
डर के चलते पीड़ित ने आरोपी को लगभग एक लाख रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी लगातार और रकम की मांग की जाती रही। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के तहत कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक खातों की जानकारी खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस टीम राजस्थान के डीग पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उसके अन्य साथियों तथा नेटवर्क की जांच जारी है।










