कोलकाता, 16 मई।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के विरुद्ध केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने तथा उकसाने वाले बयानों के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला शुक्रवार शाम विधाननगर साइबर अपराध थाने की पुलिस द्वारा एक शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने इस संबंध में पांच मई को बागुईआटी थाने में आवेदन दिया था। उसी शिकायत को आधार बनाकर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कुल छह धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनके भाषणों में ऐसी भाषा का प्रयोग हुआ, जिससे राज्य में अशांति की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।
प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 192, 196, 351(2) और 353(1)(c) के साथ ही जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(2) और 125 भी शामिल की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोप है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आक्रामक भाषा का प्रयोग किया गया।
शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने दावा किया कि यदि तृणमूल कांग्रेस फिर से सत्ता में आती है तो आम लोगों पर हमले की आशंका हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी शिकायत किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है।
राजीव सरकार ने स्वयं को समाजसेवी बताया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।













.jpg)
.jpg)