औरैया, 16 मई।
जनपद औरैया में जुहीखा-भीखेपुर मार्ग पर शुक्रवार रात बरबटपुर गांव के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से यह भीषण दुर्घटना हुई, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान जालौन जनपद के महटौली निवासी मूलचंद्र (35) पुत्र सोवरन के रूप में हुई है। बताया गया कि मूलचंद्र शुक्रवार शाम कानपुर देहात के डबौली स्थित अपनी बहन के घर से लौटकर अपने गांव जा रहे थे।
रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह भीखेपुर-जुहीखा मार्ग पर बरबटपुर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अयाना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार मूलचंद्र हरियाणा के भिवाड़ी में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे। उनके चाचा ने बताया कि वह अपनी बहन के घर से लौट रहे थे तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही है।














.jpg)
.jpg)