पटना, 16 मई।
भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों की जांच के तहत आर्थिक अपराध इकाई ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार अलग-अलग ठिकानों पर शनिवार सुबह से एक साथ छापेमारी अभियान शुरू किया है।
यह कार्रवाई सत्यापन के बाद दर्ज थाना कांड संख्या-08/26 दिनांक 15 मई 2026 के आधार पर की जा रही है, जिसमें अभियंता पर ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
प्राथमिकी में उल्लेख है कि गोपाल कुमार, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य प्रमंडल झाझा (जमुई) द्वारा अपनी वैध आय से लगभग 2 करोड़ 61 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित की गई है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने पटना और जमुई जिलों में एक साथ छापेमारी शुरू की है। जांच के दौरान पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित ज्योतिपुरम क्षेत्र में जगत विला अपार्टमेंट का फ्लैट, पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 कंकड़बाग स्थित आवास, जमुई के केकेएम कॉलेज के समीप किराये का मकान तथा झाझा स्थित ग्रामीण कार्य प्रमंडल कार्यालय शामिल हैं।
इन स्थानों पर संपत्ति, बैंक खातों, निवेश, जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड मिलने की संभावना है, हालांकि फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की विस्तृत सूचना दी जाएगी।














.jpg)
.jpg)