कोलकाता, 15 मई।
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में तृणमूल कांग्रेस के एक और पूर्व काउंसिलर की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस ने पूर्व काउंसिलर मानस राय को अवैध वसूली और आर्थिक धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों में एक बार फिर गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, मानस राय को पहले भी उनके पुत्र के साथ इसी तरह के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ खुलकर बयानबाजी की थी और पार्टी छोड़ने की घोषणा भी की थी, लेकिन इसके बावजूद उन पर चल रही कानूनी कार्रवाई थमी नहीं। गुरुवार रात उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया और शुक्रवार को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया।
इसी क्रम में शहर के एक अन्य पूर्व तृणमूल काउंसिलर हेरा बाउरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फरीदपुर निवासी हेरा बाउरी पर लंबे समय से रंगदारी वसूली और दबंगई से जुड़े कई आरोप लगे हुए थे।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस प्रशासन ने अवैध वसूली और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का संकेत पहले ही दिया था, जिसके तहत लगातार गिरफ्तारी अभियान चलाया जा रहा है। इन कार्रवाइयों से स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है और इसे कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है और आने वाले समय में ऐसी कार्रवाई और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।














