हुगली जिले के श्रीरामपुर स्थित महेश जगन्नाथ घाट (लख्खी घाट) पर गुरुवार दोपहर नहाने के दौरान एक युवक के नदी में डूब जाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही श्रीरामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से युवक की खोज शुरू कराई गई, हालांकि शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद शुक्रवार को भी तलाशी अभियान दोबारा शुरू किया गया और समाचार लिखे जाने तक तलाश जारी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद शांता गांगुली भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में डूबे युवक की पहचान सत्यम साव (24) के रूप में हुई है, जो श्रीरामपुर नगरपालिका के 21 नंबर वार्ड का निवासी बताया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
युवक के पिता संजय प्रसाद साव ने बताया कि घाट पर सत्यम की साइकिल मिली थी और एक नाविक ने उसे नदी में डूबते हुए देखा था। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घाट पर इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, जिससे लगातार खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।






.jpg)








