जगदलपुर, 15 मई।
बस्तर जिले में महतारी वंदन योजना के तहत केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर महिलाओं से कथित अवैध वसूली किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रोहित पाणिग्रही और ब्लॉक कांग्रेस सचिव सुजीत मिश्रा ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना में केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क घोषित होने के बावजूद कई क्षेत्रों में महिलाओं से 50 से 150 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जो गंभीर अनियमितता है।
महामंत्री रोहित पाणिग्रही ने आरोप लगाया कि महिलाओं की मजबूरी का लाभ उठाकर उनसे पैसे वसूले जा रहे हैं, जो मातृशक्ति के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि कुछ चॉइस सेंटर, कियोस्क संचालक और बिचौलिए इस योजना के नाम पर अवैध कमाई कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड गठित कर औचक निरीक्षण कराने और पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को केवाईसी की नि:शुल्क प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।















