रायपुर, 08 जुलाई।
रायपुर के कुकुरबेड़ा क्षेत्र में गांजा बेचने की तैयारी कर रहे एक युवक को सरस्वती नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.162 किलोग्राम गांजा और बिक्री से मिली दो हजार रुपये नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरीश सेन्द्रे (38) निवासी कुकुरबेड़ा, सरस्वती नगर बताया। पुलिस ने उसके पास रखी बोरी की तलाशी ली तो उसमें से 2.162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि जब्त गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये और नकदी सहित कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 1.02 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
















