धमतरी, 08 जुलाई।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कुरूद थाना पुलिस ने बुधवार को 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दोनों आरोपितों को पकड़ा। पुलिस ने उनके पास से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 36 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कुरूद पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम छाती स्थित एचएच-30 हाईस्कूल के पास दो व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए पहुंचने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब छह हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि जब्त मोबाइल फोन की कीमत करीब 10 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। इस तरह कार्रवाई में कुल 36 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया।
पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद कुरूद थाने में आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वाहिद खान (27) निवासी संजय नगर, कुरूद और केशवराम ध्रुव (26) निवासी संजय नगर, कुरूद के रूप में हुई है।
दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी और नशे से जुड़े अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
















