मीरजापुर, 09 जुलाई।
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है और इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आस्था के केंद्र के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून से ऊपर कोई नहीं है।
विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिन लोगों ने रामलला के अस्तित्व को ही नकार दिया था, वे आज राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने में जुटे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वह ऐसे दलों के दोहरे चरित्र को बखूबी समझती है। सरकार की प्राथमिकता कानून का शासन बनाए रखने के साथ ही जनता की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना है।
बरौधा कचार स्थित कार्यालय पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने स्थानीय समस्याओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया को राजनीतिक खबरों के साथ जनपद की बुनियादी दिक्कतों जैसे कि जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़कों के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाना चाहिए। सरकार इन जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी कार्यसंस्कृति के तहत वर्ष भर जनता के बीच रहती है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं के आधार पर पार्टी 2027 के रण में उतरेगी। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर सरकार बनाने का मौका देगी।















