रायपुर, 08 जुलाई।
रायपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए विदेशी मुद्रा व्यापार में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 74 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपितों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने गूगल पर विदेशी मुद्रा व्यापार के संबंध में जानकारी तलाश की थी। इसके बाद उनका मोबाइल नंबर एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया।
ग्रुप में मौजूद लोगों ने उन्हें अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपितों के झांसे में आकर बहादुर आर्य और उनके भतीजे ने अलग-अलग किश्तों में कुल 74 लाख रुपये निवेश कर दिए। रकम लेने के बाद न तो कोई मुनाफा दिया गया और न ही राशि वापस लौटाई गई।
शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, टेलीग्राम आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच में आरोपितों की लोकेशन राजस्थान में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकेश कुमार मीणा (26) निवासी जयपुर और संदीप कुमार (24) निवासी सीकर, राजस्थान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। पुलिस अब इस साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
















