देहरादून, 15 मई।
ऋषिकेश के ढालवाला नीम बीच क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे दिल्ली निवासी युवक का शव शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम एसडीआरएफ की ढालवाला टीम को गंगा नदी में एक युवक के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ के एएसआई विजेंद्र कुड़ियाल, मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश, मुख्य आरक्षी विकास, कांस्टेबल अजय सिंह, कांस्टेबल प्रदीप एवं कांस्टेबल दीपक तत्काल मौके पर पहुंचे और नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
निरंतर प्रयासों के बाद शुक्रवार को एसडीआरएफ के डीप डाइवर कांस्टेबल अजय सिंह ने लगभग 15 से 20 फीट गहराई में जाकर डूबे हुए युवक का शव बरामद किया। इसके बाद एसडीआरएफ ने शव को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आशीष कुमार, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।















