अपराध
15 May, 2026

संपत्ति विवाद में दरोगा में भाई को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश, पांच गिरफ्तार

बुलंदशहर में संपत्ति विवाद के चलते एक दरोगा द्वारा अपने शिक्षक भाई को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश का खुलासा हुआ है, जिसमें पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

बुलंदशहर, 14 मई।

संपत्ति विवाद में एक दरोगा द्वारा अपने ही शिक्षक भाई को फंसाने की साजिश रचने का मामला सामने आया है, जिसमें जमीन हड़पने के लिए कथित रूप से हनीट्रैप गिरोह का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में दरोगा समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि गुलावठी थाना क्षेत्र के उलेड़ा गांव निवासी राकेश कुमार एक प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक हैं। करीब एक माह पहले उनके मोबाइल पर एक युवती का फोन आया, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई।

इसके बाद छह मई को युवती ने उन्हें हापुड़ बुलाया और साथ घूमने के लिए कहा। दोनों हापुड़ में साथ घूमते रहे, इसी दौरान युवती ने अपने फोन से उनके फोटो खींच लिए। बाद में उसने उन्हें वापस छोड़ दिया और अगले दिन फोन कर पांच सौ रुपये की मांग की, जो यूपीआई के जरिए भेज दिए गए।

इसके बाद युवती ने बीस हजार रुपये की मांग की और रकम न देने पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। शिक्षक की शिकायत पर जांच में खुलासा हुआ कि युवती से फोन कराने की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उनके ही दरोगा भाई नीरज कुमार ने रची थी।

एसपी सिटी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। नीरज कुमार, जो रामपुर जनपद में तैनात है, ने जमीन हथियाने के लिए हनीट्रैप गिरोह के ओमकार सिंह के साथ मिलकर योजना बनाई। इसके बाद आरोपित रानी के जरिए शिक्षक को फोन कराकर उसे जाल में फंसाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने इस मामले में दरोगा भाई नीरज कुमार समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है और अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़