भोपाल, 15 मई।
मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने आज भोपाल में आयोजित “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” का शुभारंभ किया। भोपाल के अपेक्स बैंक परिसर स्थित समन्वय भवन में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम जारी है, जिसमें मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया तथा विधायक भगवानदास सबनानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भोपाल, रायसेन और नर्मदापुरम जिलों के चयनित छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए।
राज्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में पिछड़ा वर्ग के युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए इस योजना की शुरुआत की गई है। यह योजना प्रदेश के 20 चयनित जिलों में संचालित की जा रही है और इसका उद्देश्य ओबीसी वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड एवं अर्धसैनिक बलों की भर्ती परीक्षाओं के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार करना है। योजना के तहत 4000 चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर 45 दिनों का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें प्रत्येक जिले में 100-100 के बैच में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों को अलग-अलग केंद्रों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी तरह वैज्ञानिक एवं सघन स्वरूप दिया गया है। इसमें प्रतिदिन 4 घंटे सैद्धांतिक प्रशिक्षण तथा 3 घंटे शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को निःशुल्क आवास, भोजन, स्टाइपेंड एवं अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। राज्यमंत्री ने इसे युवाओं के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह योजना न केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी, बल्कि उनमें देश सेवा की भावना और अनुशासन को भी मजबूत करेगी।















