ची, 14 मई।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) को उत्कृष्ट कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के लिए प्रतिष्ठित ग्रीनटेक सीएसआर इंडिया प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
कंपनी द्वारा गुरुवार को जारी जानकारी के अनुसार, यह सम्मान हजारीबाग कोयला खनन क्षेत्र में संचालित समग्र सामुदायिक विकास परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया है। इस पहल ने आसपास के नौ गांवों के लगभग 5000 परिवारों के जीवन में सकारात्मक और व्यापक बदलाव लाया है।
नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में यह पुरस्कार सीसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) सिद्धार्थ शंकर लाल के नेतृत्व वाली टीम ने प्राप्त किया। यह सम्मान ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन तथा सतत विकास के क्षेत्र में कंपनी के महत्वपूर्ण योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता माना जा रहा है।
इस परियोजना के अंतर्गत जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अनेक बहुआयामी पहलें लागू की गईं। इनमें तालाबों का निर्माण एवं पुनर्जीवन, वाटरशेड विकास, जैविक खेती को प्रोत्साहन, पशुधन विकास, सूक्ष्म उद्यमों का सृजन, सौर आधारित पेयजल व्यवस्था तथा सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
इस परियोजना की प्रमुख विशेषता महिलाओं की सक्रिय और नेतृत्वकारी भागीदारी रही। महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका आधारित गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कार्य किया गया। इसके परिणामस्वरूप प्रत्येक परिवार की औसत वार्षिक आय में वृद्धि दर्ज की गई है तथा रोजगार के स्थानीय अवसर बढ़ने से पलायन में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
यह पहल केवल बुनियादी ढांचे के विकास तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने ग्रामीण समुदायों में आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरणीय संतुलन की भावना को भी मजबूत किया है। जल संरक्षण और जैविक खेती जैसी गतिविधियों ने पर्यावरण सुधार के साथ-साथ कृषि उत्पादन एवं आय में भी सकारात्मक प्रभाव डाला है।
सीसीएल शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। कंपनी का मानना है कि वास्तविक विकास तभी संभव है जब उद्योग और समाज साथ मिलकर आगे बढ़ें।
सीसीएल समग्र सामाजिक उत्थान, ग्रामीण आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। ग्रीनटेक सीएसआर इंडिया प्लेटिनम अवार्ड कंपनी के इसी जनकेंद्रित दृष्टिकोण और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है।
आने वाले समय में भी सीसीएल अपने खनन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्य जारी रखेगी।














