मध्य प्रदेश
14 May, 2026

भोपाल में नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह, डीजीपी ने दी जनसेवा की सीख

भोपाल में आयोजित नव आरक्षकों के दीक्षांत समारोह में डीजीपी कैलाश मकवाणा ने अनुशासन, तकनीकी दक्षता और जनसेवा को पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया।

भोपाल, 14 मई।

राजधानी भोपाल स्थित 25वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल परिसर में गुरुवार को नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने परेड की सलामी लेने के साथ निरीक्षण भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा रही है और पुलिस संगठन में आरक्षकों की भूमिका सबसे अहम मानी जाती है। उन्होंने कहा कि करीब 11 माह के कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण के बाद तैयार हुए नव आरक्षक भविष्य में विभाग की कार्यक्षमता को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण काल जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जहां टीम भावना, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और व्यवहारिक पुलिसिंग की बारीकियां सीखने का अवसर मिलता है। प्रशिक्षण के दौरान नव आरक्षकों को हथियार संचालन, बलवा नियंत्रण, कानून व्यवस्था, साइबर अपराध, आधुनिक तकनीक और भीड़ प्रबंधन जैसे विषयों की जानकारी दी गई।

डीजीपी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध, आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था जैसी चुनौतियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में पुलिस बल का तकनीकी रूप से दक्ष और शारीरिक रूप से सक्षम होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विशेष सशस्त्र बल और मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नक्सल विरोधी अभियान, दस्यु उन्मूलन, चुनावी ड्यूटी तथा अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में निभाई गई भूमिका की सराहना भी की।

कैलाश मकवाणा ने सिंहस्थ-2028 को मध्यप्रदेश पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि आने वाले समय में ड्रोन निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और इंटीग्रेटेड कमांड सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकें पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेंगी। उन्होंने नव आरक्षकों को ईमानदारी, अनुशासन, संवेदनशीलता और संविधान के प्रति निष्ठा के साथ जनसेवा करने की सीख दी।

समारोह के दौरान 25वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल भोपाल के सेनानी नागेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण सत्र 15 जून 2025 से शुरू हुआ था, जिसमें महिला और पुरुष नव आरक्षकों को आधुनिक पुलिसिंग, फायरिंग, रायट ड्रिल, कानून व्यवस्था और साइबर अपराध से जुड़े प्रशिक्षण दिए गए। पहली बार प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में साइबर क्राइम और सोशल मीडिया अपराधों को भी शामिल किया गया।

कार्यक्रम में नव आरक्षकों ने साइलेंट ड्रिल और योग प्रदर्शन के जरिए अनुशासन, समन्वय और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नव आरक्षकों को सम्मानित किया गया। देवेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रथम और हर्षित कुशवाह को द्वितीय पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा अन्य उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चंचल शेखर, पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली, पुलिस आयुक्त संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विशेष सशस्त्र बल के प्रशिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नव आरक्षकों के परिजन मौजूद रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़