टॉप न्यूज़
13 May, 2026

वैश्विक सिनेमा में चमकेगा मध्यप्रदेश, 80 देशों में दिखेगी विरासत

मध्यप्रदेश की संस्कृति और पर्यटन स्थलों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय टेलीविजन श्रृंखला की शूटिंग से प्रदेश की पहचान 80 से अधिक देशों में पहुंचने जा रही है।

भोपाल, 13 मई।

मध्यप्रदेश अब वैश्विक सिनेमा और फिल्म पर्यटन के क्षेत्र में अपनी एक नई पहचान स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के विजन और मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रयासों से प्रदेश अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसी क्रम में स्पेन के एक प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस द्वारा निर्मित अंतरराष्ट्रीय टेलीविजन श्रृंखला ‘रूरल टूरिज्म ऑफ द वर्ल्ड’ की शूटिंग प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर की गई है, जिसके माध्यम से मध्यप्रदेश की संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य 80 से अधिक देशों में प्रदर्शित किया जाएगा।

छिंदवाड़ा जिले के सावरवानी, धूसावानी, चिमटीपुर और तामिया क्षेत्रों की जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक वैभव ने विदेशी फिल्म दल को विशेष रूप से प्रभावित किया है। यहां ग्रामीण जीवन की झलक, पारंपरिक रीति-रिवाज और पातालकोट की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत का फिल्मांकन किया गया। साथ ही जनजातीय विवाह परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को भी कैमरे में कैद किया गया, जिसे अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

स्पेनिश निर्देशक जुआन फ्रूटोस ने धूसावानी होमस्टे में मिले आतिथ्य की सराहना करते हुए मध्यप्रदेश के ग्रामीण जीवन को भारत की वास्तविक पहचान बताया।

प्रदेश की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहरों को भी इस श्रृंखला में शामिल किया गया है, जिसमें सांची स्तूप, भीमबेटका शैलाश्रय, सतपुड़ा नेशनल पार्क और महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को वैश्विक दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

इस पहल से प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार, होमस्टे, हस्तशिल्प और ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। पर्यटन बोर्ड का मानना है कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश को वैश्विक फिल्मिंग केंद्र के रूप में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़