धर्मशाला, 15 मई।
नूरपुर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एक घर पर दबिश देकर 41.40 ग्राम हेरोइन के साथ मां-बेटे को गिरफ्तार किया है, जिससे इलाके में नशा नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने जानकारी दी कि नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सीआईए टीम लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में नूरपुर के गांव भदरोया स्थित एक रिहायशी मकान की जांच की गई, जहां कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान घर में रखी सिलाई मशीन के स्टैंड के नीचे छिपाकर रखा गया एक पैकेट बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें 41.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में आरोपियों की पहचान 43 वर्षीय वनीता देवी और 24 वर्षीय अमन के रूप में हुई है, जो दोनों मां-बेटे हैं और भदरोया गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ डमटाल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मुख्य स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच में जुट गई है।















