पटना, 15 मई।
राजधानी पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लेपुर हाट सब्जी मंडी में गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने एक मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात सिविल डिफेंस के ब्लैकआउट पूर्वाभ्यास के दौरान अंजाम दी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल कारोबारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने देर रात उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया।
सूचना मिलने पर सिटी पुलिस अधीक्षक (पूर्वी पटना) परिचय कुमार और पटना सिटी के अपर पुलिस अधीक्षक राजकिशोर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि वारदात उस समय हुई जब पूरे शहर में ब्लैकआउट पूर्वाभ्यास चल रहा था। इसी दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर अपराधियों ने मसाला कारोबारी पर करीब से गोली चलाकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान टिकिया टोली निवासी नेपाली साव के पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है, जो लगभग 35 वर्ष के थे और मुसल्लेपुर हाट में मसालों का कारोबार करते थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।















