भोपाल, 15 मई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुगम आवाजाही तथा सुविधाओं के विस्तार के लिए घाटों और मार्गों के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, साथ ही सभी निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने रामघाट पर हरसिद्धि पाल से रामघाट मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को तेज गति, उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ से जुड़े सभी विकास कार्य इस प्रकार किए जा रहे हैं कि उज्जैन की प्राचीन और धार्मिक पहचान को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त हो। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के जनप्रतिनिधि, विभिन्न धर्मों के अनुयायी और नागरिक विकास कार्यों में सहयोग देकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने होमगार्ड द्वारा आयोजित बाढ़ बचाव प्रशिक्षण का भी अवलोकन किया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों का उत्साहवर्धन किया। जिला कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने जानकारी दी कि 250 होमगार्ड जवानों को 15 दिवसीय प्रशिक्षण के तहत डीप डाइविंग, नाव संचालन, तैराकी, लाइफ जैकेट के उपयोग, आपदा प्रबंधन सामग्री के प्रयोग, अंडर वॉटर रेस्क्यू तथा सर्फेस वॉटर रेस्क्यू का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजीपी राकेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




.jpg)










