नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने हेरिटेज सिटी डेवलपमेंट एंड ऑग्मेंटेशन योजना के अंतर्गत रामकटोरा चौराहे पर स्थित बंद पड़े जनता प्याऊ को लेकर सामने आई खबर का संज्ञान लेते हुए भीषण गर्मी के मद्देनजर तत्काल प्याऊ सेवा बहाल करने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह से पुनः जल आपूर्ति शुरू करा दी।
हृदय योजना के तहत बनाए गए इस जनता प्याऊ के बंद रहने से स्थानीय लोगों में नाराजगी का माहौल बना हुआ था। स्थिति को देखते हुए सहायक अभियंता आशीष मौके पर पहुंचे और ऑपरेटर विशाल की मदद से जल आपूर्ति दोबारा शुरू कराई तथा लोगों की समस्याएं सुनीं।
सहायक अभियंता आशीष ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि भविष्य में इस तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी और प्याऊ का संचालन नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में तीनों नलों से पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है और किसी प्रकार की बाधा नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि प्याऊ की टंकी की नियमित सफाई कराई जाएगी और खराब पड़ी मशीन को जल्द ही दुरुस्त कर ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
स्थानीय नागरिक घनश्याम उर्फ बबलू ने बताया कि पहले इस प्याऊ का व्यापक उपयोग होता था, लेकिन पानी में हल्की गंध आने और मशीन खराब होने के कारण लोग इसका उपयोग कम करने लगे। वर्तमान में भी शुद्ध पेयजल की समस्या बनी हुई है और कई लोग अपने बर्तनों व बोतलों में पानी भरकर ले जा रहे हैं।















