मौसम
15 May, 2026

छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश से बदला मौसम, कई जिलों में राहत

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं कई जगह पेड़ गिरने और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं।

रायपुर, 15 मई।

छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया, जहां कई स्थानों पर बादलों की गरज के साथ बारिश दर्ज की गई। रायपुर में काले बादल छाने के बाद मानसून जैसी स्थिति बन गई और तेज बारिश शुरू हो गई, वहीं बलौदा बाजार, महासमुंद, धमतरी और रायगढ़ में तेज हवाओं और वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

राजधानी रायपुर में सुबह लगभग 8 बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए और बारिश का दौर शुरू हो गया। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

बलौदा बाजार में बीती रात आए आंधी-तूफान ने कई स्थानों पर बड़े पेड़ों को उखाड़कर सड़कों पर गिरा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सुबह कार्यालय और दुकानों तक पहुंचने वाले लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ा, वहीं नगरपालिका की टीम मार्ग साफ करने में जुटी रही। इस दौरान बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

महासमुंद जिले में देर रात से शुरू हुए आंधी-तूफान के बाद बिजली आपूर्ति चरमरा गई, जबकि पिथोरा में सुबह से गरज-चमक के साथ तेज बारिश जारी है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। बारिश के कारण कई गांवों की गलियों में पानी भर गया है। रायगढ़ में भी रायपुर के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ और मौसम सुहाना हो गया। धमतरी में भी अचानक मौसम बदलने से तेज आंधी और बारिश ने गर्मी से राहत दी, जबकि बिलासपुर में सुबह हुई बारिश और अंधड़ के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर में मेघगर्जन, बिजली गिरने, तेज हवाओं और वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़