भोपाल, 15 मई।
प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है और पूर्वी हिस्से के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश जिलों में भीषण लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए पूरे प्रदेश में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत शुक्रवार को लगभग 40 जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में 15 से 17 मई तक तीव्र लू का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का समय सबसे अधिक गर्म रहने वाला है, इस दौरान लोगों को केवल जरूरी कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। गुरुवार को भी प्रदेशभर में गर्मी का असर बेहद तीव्र रहा, जहां शाजापुर और छतरपुर के नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सर्वाधिक रहा।
इसी क्रम में खरगोन में 44.6 डिग्री, खंडवा और रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री तथा रायसेन और दमोह में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया और यह सबसे गर्म शहर रहा। भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार जिलों में तेज लू के साथ-साथ वॉर्म नाइट की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। वहीं भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, अलीराजपुर, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है।
इसके विपरीत जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, मंडला, बालाघाट, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल सहित कुछ जिलों में तेज गर्मी का असर तो रहेगा, लेकिन लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि अप्रैल के अंतिम दिनों से प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर सक्रिय रहा, जो 10 मई तक जारी रहा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय गतिविधियों और ट्रफ लाइन के प्रभाव से कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मई के 14 दिनों में से 12 दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं न कहीं बारिश, आंधी या ओलावृष्टि की स्थिति बनी रही, हालांकि शुक्रवार के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।















