जौनपुर, 14 मई।
जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव में बीते दिनों बिजली का पोल गिरने से शनि राजभर की हुई मौत के बाद ओम प्रकाश राजभर गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी और उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में देश की राजनीति, विपक्ष और कानून व्यवस्था को लेकर कई तीखी टिप्पणियां कीं। उन्होंने बताया कि मृतक शनि अपने ननिहाल में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रहा था और इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई हालिया टिप्पणी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग पूरे राष्ट्र का अपमान है, क्योंकि 140 करोड़ लोगों ने उन्हें चुना है, ऐसे में उनका सम्मान करना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का दायित्व है, साथ ही उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले नेताओं को उसकी मर्यादा के अनुसार ही बयान देना चाहिए।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज की राजनीति केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित हो गई है, जबकि सरकार विकास कार्यों पर ध्यान दे रही है, साथ ही दावा किया कि वर्तमान नेतृत्व में प्रदेश में कानून का शासन स्थापित हुआ है और पहले जहां दंगे व कर्फ्यू आम थे, अब बीते वर्षों में शांति और विकास का माहौल देखने को मिला है।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि डूबती नाव पर कोई सवारी नहीं करना चाहता और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां अब “दगे हुए कारतूस” इकट्ठा हो गए हैं, साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 62 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि एक्सप्रेस-वे और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण लोगों का जीवन आसान हुआ है और अब स्थिति यह है कि लोग जौनपुर में चाय पीकर लखनऊ में नौकरी तक पहुंच जाते हैं, साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल वोट बैंक की राजनीति कर रहा है जबकि जनता अब विकास और शांति चाहती है, जिसका प्रभाव आगामी चुनावों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।















