नोएडा, 15 मई।
गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और शवों की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना सेक्टर-39 क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल के गेट पर बीती रात लगभग 25 वर्षीय एक युवक अचेत अवस्था में मिला था, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया की मदद से उसकी पहचान स्थापित करने में जुटी है।
इसी तरह थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के एफ-ब्लॉक में सड़क किनारे करीब 35 वर्षीय एक अन्य अज्ञात व्यक्ति भी बेहोशी की हालत में पाया गया, जिसे एक राहगीर ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी भी शुक्रवार सुबह मौत हो गई।
दोनों मामलों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई है, साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे और फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान स्थापित करने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रयास जारी हैं।














