नई दिल्ली, 15 मई।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पांच राज्यों में चुनाव संपन्न होने के बाद ईंधन और रसोई गैस के दाम बढ़ने पर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ने की चिंता जताई।
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए वर्क फ्रॉम होम और तेल बचाने के सुझाव पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह स्थिति सरकार द्वारा निर्मित संकट है। उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन में दूरदर्शी सोच का अभाव है और इसका सीधा असर आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बढ़ती कीमतों का प्रभाव केवल घरेलू बजट पर ही नहीं बल्कि उद्योगों और किसानों पर भी पड़ रहा है, जिससे व्यापक स्तर पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
खरगे ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान सरकार को सबकुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन चुनाव प्रक्रिया पूरी होते ही देश में महंगाई और संकट की स्थिति गहरा जाती है।














