मीरजापुर, 16 मई।
मीरजापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जहां मुठभेड़ के दौरान एक वांछित बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार थाना कछवां पर दर्ज आयुध अधिनियम से जुड़े मामले में वांछित आरोपी मोटरसाइकिल से भटौली मार्ग के रास्ते भदोही की ओर जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केवटावीर क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को आते देख पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
घायल बदमाश की पहचान देवश्वर शुक्ला, निवासी जयवंत सिंह का पुरा थाना पड़री के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल 32 बोर, दो देशी कट्टा 315 और 303 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
मुठभेड़ के दौरान कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, उपनिरीक्षक विनय कुमार दुबे, चौकी प्रभारी कस्बा कछवां साहिद यादव, मुख्य आरक्षी धनंजय राय, अताउल्ला खां, शिवपूजन चौबे और मृदुल यादव शामिल रहे।














.jpg)
.jpg)