प्रयागराज, 15 मई।
प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र में छात्र की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपितों में होलागढ़ थाना क्षेत्र के दहियांवा मेला मैदान निवासी उज्ज्वल त्रिपाठी तथा पटेल नगर चौराहा बरईहरख क्षेत्र निवासी संदीप यादव शामिल हैं। दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे।
यह घटना 10 मई को टोडीपुरवा नहर पुल के पास पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट और फायरिंग से जुड़ी है, जिसमें हिमांशु पासी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। मामले ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया था।
जांच में सामने आया कि लगभग एक वर्ष पूर्व मोटरसाइकिल टकराने की घटना को लेकर मृतक हिमांशु पासी और आरोपित साहिल यादव के बीच विवाद शुरू हुआ था। उसी विवाद के निपटारे के लिए हिमांशु को नहर पुल पर बुलाया गया, जहां कहासुनी के बाद साहिल यादव ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इस मामले में साहिल यादव को पुलिस पहले ही 12 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अब दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी भी कर ली गई है। इन सभी पर हत्या, एससी एसटी एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।










.jpg)
.jpg)



