नई दिल्ली, 15 मई।
दक्षिण-पश्चिम जिले के महिपालपुर क्षेत्र में मोबाइल शोरूम का शटर काटकर लगभग पैंतीस लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और अन्य सामान की चोरी के मामले में फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को क्राइम ब्रांच ने मेवात से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान निजाम उर्फ निज्जाम उर्फ टोटा उर्फ केकड़ा (44) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के नूंह जिले का निवासी है। बताया गया है कि वह मेवात के कुख्यात गिरोह के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मोबाइल दुकानों में सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देता रहा है।
जानकारी के मुताबिक 23 और 24 सितंबर 2024 की दरम्यानी रात महिपालपुर स्थित खुशी कम्युनिकेशन मोबाइल शोरूम में बड़ी चोरी की घटना हुई थी। बदमाशों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां से लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में वसंत कुंज नॉर्थ थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस पहले ही इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनके पास से 102 चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए थे। मुख्य आरोपी निजाम लगातार फरार चल रहा था और अदालत में उपस्थित न होने पर 20 अप्रैल 2026 को पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर राकेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने करीब दस दिनों तक मेवात क्षेत्र में डेरा डालकर उसकी तलाश की। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आखिरकार उसे गुरुवार रात पकड़ लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी हत्या, चोरी और सेंधमारी सहित छह गंभीर मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।















