वाशिंगटन, 15 मई।
अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के एक युवक को हथियारों की तस्करी और मशीनगन रखने के गंभीर आरोपों में 64 महीने यानी पांच वर्ष चार माह की संघीय जेल की सजा सुनाई गई है।
27 वर्षीय पंजाब निवासी जशनप्रीत सिंह को यह सजा अमेरिकी अटॉर्नी एरिक ग्रांट की ओर से की गई घोषणा के बाद दी गई। यूएस अटॉर्नी कार्यालय के आधिकारिक विवरण में उसके अपराधों और कार्रवाई की पूरी जानकारी दर्ज है।
रिकॉर्ड के अनुसार जशनप्रीत सिंह ‘पंजाबी डेविल्स’ नामक मोटरसाइकिल क्लब का संस्थापक बताया गया है, जिसे ‘हेल्स एंजेल्स’ से जुड़े एक आपराधिक गिरोह और हथियार तस्करी गतिविधियों से जुड़ा माना गया है।
छह जून 2025 को उसने एक अंडरकवर अधिकारी को असाल्ट हथियार, रिवॉल्वर और मशीनगन बेचने का प्रयास किया, जिसके बाद उसके घर पर छापेमारी की गई और वहां से कई हथियार बरामद हुए, जिनमें मशीनगन, कन्वर्जन डिवाइस और साइलेंसर शामिल थे।
जांच के दौरान एक अनानास शैली का फ्यूज्ड हैंड ग्रेनेड भी मिला, जिसे बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
मामले में अदालत में सुनवाई के लिए 21 जुलाई 2025 की तारीख तय की गई थी, लेकिन आरोपी अनुपस्थित रहा, जिसके बाद उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया।
बाद में गिरफ्तारी से बचते हुए वह भूमिगत हो गया और 26 जुलाई को भारत भागने की कोशिश के दौरान सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ लिया गया।











