मॉस्को, 15 मई।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चीन यात्रा को लेकर क्रेमलिन ने संकेत दिया है कि यह दौरा बहुत जल्द होने वाला है और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आधिकारिक तिथियों की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना जताई गई है।
क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने एक ब्रीफिंग में कहा कि यह यात्रा अब लगभग पूरी तरह तैयार है और केवल अंतिम औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। उनके अनुसार यह दौरा जल्द ही संपन्न होगा और इसकी घोषणा शीघ्र की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, पुतिन की चीन यात्रा को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है, हालांकि दौरे के दौरान होने वाली बैठकों और एजेंडे की विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
इससे पहले नौ मई को पुतिन ने कहा था कि उन्होंने यूक्रेन संकट को लेकर भारत, चीन और अमेरिका को जानकारी दी थी, जिसके बाद रूस ने तीन दिन के संघर्षविराम की घोषणा की थी। यह निर्णय द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत संघ की विजय की स्मृति में विजय दिवस समारोह के दौरान लिया गया था।
उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि चीन होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखना चाहता है और इस मुद्दे पर वह मध्यस्थता की भूमिका निभाने को तैयार है। उन्होंने चीन के साथ संबंधों को महत्वपूर्ण बताते हुए आपसी सहयोग की बात कही।
ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी को 24 सितंबर को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया है और बीजिंग में आयोजित राजकीय भोज में मित्रता के सम्मान में प्रस्ताव रखा।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस दौरान दोनों देशों के संबंधों को आधुनिक युग का सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय रिश्ता बताया और कहा कि दोनों देशों को इसे और मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि चीन और अमेरिका के लोग महान हैं और उनके राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति साथ-साथ संभव है। शी ने यह भी जोर दिया कि दोनों देश एक-दूसरे की प्रगति में सहायक बन सकते हैं और वैश्विक कल्याण में योगदान दे सकते हैं।














