नई दिल्ली, 15 मई।
ब्राज़ील फुटबॉल महासंघ ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से पुष्टि की कि मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी का अनुबंध अब वर्ष 2030 फीफा विश्व कप तक बढ़ा दिया गया है। यह नया करार आगामी चार वर्षों तक प्रभावी रहेगा, जिससे टीम के दीर्घकालिक रोडमैप को मजबूती मिली है।
एंसेलोटी को पिछले वर्ष मई में ब्राज़ील राष्ट्रीय टीम की कमान सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में टीम ने 2026 फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन हासिल किया है, जिसका आयोजन अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में प्रस्तावित है।
अब तक उनके कार्यकाल में ब्राज़ील ने कुल 10 मुकाबले खेले हैं, जिनमें पांच में जीत, दो में बराबरी और तीन में हार का सामना करना पड़ा है। उनका मुख्य लक्ष्य टीम को रिकॉर्ड छठी बार विश्व चैंपियन बनाना बताया गया है।
मुख्य कोच एंसेलोटी ने अपने बयान में कहा कि ब्राज़ील आने के पहले ही क्षण से उन्हें इस देश में फुटबॉल के महत्व का अनुभव हो गया था और टीम को विश्व फुटबॉल के शिखर पर ले जाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। उन्होंने आगे कहा कि आगामी वर्षों में और अधिक जीत, अधिक समय और अधिक मेहनत के साथ काम करने की प्रतिबद्धता बनी रहेगी।
ब्राज़ील फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष ने कहा कि यह अनुबंध विस्तार राष्ट्रीय टीम को और अधिक मजबूत, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है तथा देश में फुटबॉल के समग्र विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है।














