नई दिल्ली, 15 मई।
दो बार की विश्व चैंपियन फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए अपनी 26 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 11 जून से अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में आयोजित होगा।
फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेशॉम्प्स ने इस बार अनुभव और युवा प्रतिभा का संतुलन बनाते हुए टीम का चयन किया है। उल्लेखनीय है कि यह विश्व कप उनके कार्यकाल का अंतिम बड़ा टूर्नामेंट होगा, जिसके बाद वे पद छोड़ देंगे। टीम में रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बाप्पे को कप्तानी की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है, वहीं मौजूदा बैलन डी’ऑर विजेता उस्मान डेम्बेले भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं।
टीम में एम्बाप्पे, डेम्बेले, एन’गोलो कांते और लुकास हर्नांडेज जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जो पहले विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुके हैं। दूसरी ओर, यूरो 2024 के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने वाले एंटोनी ग्रीजमैन को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है, जबकि रियल मैड्रिड के मिडफील्डर एडुआर्डो कामाविंगा भी चयन से बाहर रहे।
फ्रांस को ग्रुप-I में सेनेगल, इराक और नॉर्वे के साथ रखा गया है। टीम अपना अभियान 16 जून को सेनेगल के खिलाफ मैच से शुरू करेगी।
फ्रांस की 26 सदस्यीय टीम में तीन गोलकीपर शामिल हैं, जिनमें माइक मेन्यान, रॉबिन रिसर और ब्राइस सांबा को जगह मिली है।
रक्षापंक्ति में लुकास डिग्ने, मालो गुस्तो, लुकास हर्नांडेज, इब्राहिमा कोनाते, जूल्स कुंडे, विलियम सालिबा, डायोट उपामेकानो, मैक्सेंस लाक्रुआ और थियो हर्नांडेज शामिल किए गए हैं।
मिडफील्ड में एन’गोलो कांते, मानु कोने, एड्रियन राबियो, ऑरेलियन चुआमेनी और वॉरेन जाइरे-एमरी को जगह दी गई है।
वहीं आक्रमण पंक्ति में ब्रैडली बारकोला, रायन शेरकी, उस्मान डेम्बेले, देजिरे डुए, किलियन एम्बाप्पे, माइकल ओलीसे, जीन-फिलिप माटेटा, मार्कस थुराम और मैग्नेस अक्लियूश को शामिल किया गया है।















