भोपाल, 11 मई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सोमवार की शाम समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में 1983 क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम के कप्तान और देश के प्रख्यात ऑलराउंडर कपिल देव ने सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान खेलों के विकास और खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश में खेलों की वर्तमान स्थिति और चल रही खेल प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी कपिल देव को दी। इस पर कपिल देव ने प्रदेश में क्रिकेट सहित अन्य खेलों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कपिल देव ने कहा कि मध्य प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए जो कार्य किए जा रहे हैं, वे सराहनीय हैं और वे राज्य में खेलों के विकास में हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि सभी खेलों का समग्र विकास आवश्यक है ताकि नई प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही उन्होंने यह आश्वासन दिया कि वे प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए अपना मार्गदर्शन निरंतर प्रदान करते रहेंगे।
यह भेंट खेल जगत और राज्य सरकार के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





.jpg)





