हरिद्वार में नन्हे खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि उम्र उपलब्धियों की राह में बाधा नहीं बनती। डीपीएस स्कूल के छात्र निवान धींगरा ने राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया और स्कूल के साथ जिले का नाम रोशन किया। केवल सात वर्ष की आयु में ही उन्होंने अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रभावशाली परिचय दिया।
राज्य भर से आए प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों में निवान ने शानदार प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से विद्यालय परिवार और कराटे प्रशिक्षक रविशंकर राय में उत्साह का माहौल है।
इसी प्रतियोगिता में हरिद्वार के अन्य खिलाड़ियों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रियांशी ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं विवान प्रसाद ने कांस्य पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। इन उपलब्धियों से विद्यालय और परिजनों में खुशी की लहर है।
कोच रविशंकर राय ने बताया कि खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं और उनका अगला लक्ष्य इकतीस मई को नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।
निवान धींगरा का सपना बड़ा होकर प्रशासनिक अधिकारी बनने का है और खेल व पढ़ाई में समान रूप से आगे बढ़ने की उनकी लगन अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है। विद्यालय प्रबंधन और परिजनों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












