पलामू, 16 मई।
सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव निवासी 18 वर्षीय पवन सिंह, पिता विजय सिंह का शव शुक्रवार देर रात हड़ही पहाड़ी पर फंदे से लटका हुआ पुलिस ने बरामद किया।
युवक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। घटना को लेकर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है, वहीं परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
शनिवार दोपहर मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
परिजनों के अनुसार पवन सिंह और उसका मित्र दीपक सिंह शुक्रवार रात शादी समारोह में पहुंचे थे। इसी दौरान दीपक ने फोन कर बताया कि पवन आत्महत्या करने जा रहा है और उसे बचाया जाए।
सूचना मिलते ही परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े और इसी बीच पवन का शव हड़ही पहाड़ी पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि गांव की ही एक महिला पवन को फोन करती थी और उसे घर भी बुलाती थी। पवन की आत्महत्या की सूचना भी उसी ने दीपक को दी थी। परिजनों का कहना है कि महिला, उसके पति और देवर सहित अन्य लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पहाड़ी पर फंदे से लटका दिया।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसी आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













.jpg)
.jpg)