हमीरपुर, 16 मई।
हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर अचानक हमला किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें हमलावरों ने घर में घुसकर लोगों को बाहर खींचा और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए।
शनिवार को हुई इस घटना में आरोपित लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित के घर पहुंचे और घर के अंदर मौजूद लोगों को जबरन बाहर निकालकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी नहीं बख्शा गया और उन पर भी हमला किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक को लाठी से मारपीट करते और दो महिलाओं को डंडा लेकर दिखाई देते देखा जा सकता है।
पीड़ित रामबाबू पाल ने बताया कि विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है और हमलावर उनके ही रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हमले के दौरान उनकी मां, पत्नी और बच्चे भी घायल हुए हैं। घायलों में रामबाबू पाल के साथ गीता, संकेत और प्रांजलि शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही आरोपितों की तलाश भी की जा रही है।














.jpg)
.jpg)