चित्तौड़गढ़, 16 मई।
चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना पुलिस ने बस यात्रा के दौरान ट्रैवल्स कंपनी के कर्मचारी को बातों में उलझाकर 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही 46 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह वारदात 16 अप्रैल की है, जब प्रार्थी विजयभाई भीलवाड़ा में एक व्यक्ति को रुपये पहुंचाने के लिए सुबह आरटीसी ट्रैवल्स बस से रवाना हुए थे। इसी दौरान कलेक्ट्री चौराहे से बस में सवार एक व्यक्ति समीर ने उनसे संपर्क बनाकर बातचीत में उलझा लिया और रास्ते में बस रुकवाकर उन्हें नीचे उतार दिया।
इसके बाद समीर और उसके दो साथियों ने मिलकर उसे भ्रमित किया और 50 लाख रुपये से भरा बैग तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट 12 मई को कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर खान, सलमान खान और दीपक जोशी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 46 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि शेष राशि और मोबाइल फोन की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा कुछ राशि खर्च किए जाने की बात भी सामने आई है।














.jpg)
.jpg)