अनूपपुर, 24 अप्रैल
जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपहरण करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को झारखंड से पकड़ा गया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। साथ ही नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय कुश नारायण नायक, निवासी रांची (झारखंड) ने सोशल मीडिया पर नाबालिग से संपर्क स्थापित कर उसे शादी का झांसा दिया था। इसी प्रलोभन के आधार पर 18 अप्रैल की सुबह किशोरी बिजुरी से ट्रेन के माध्यम से अंबिकापुर पहुंची, जहां आरोपी पहले से मौजूद था और उसे अपने साथ झारखंड ले गया।
घटना की जानकारी तब सामने आई जब नाबालिग के मामा ने 18 अप्रैल को बिजुरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया था कि किशोरी घर से बिना बताए लापता हो गई है। प्रारंभिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि नाबालिग सोशल मीडिया पर एक संदिग्ध मोबाइल धारक के संपर्क में आकर रांची पहुंची थी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल झारखंड रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर नाबालिग को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित मुक्त कराया गया।
इसके बाद आरोपी कुश नारायण नायक को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे बिजुरी लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि नाबालिग की ओर से किसी प्रकार के शारीरिक शोषण की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।











