लखनऊ, 20 मार्च।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बंथरा थाना क्षेत्र के ग्राम नीवा में शुक्रवार को एक परिवार ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में मां और पुत्र की मृत्यु हो गई, जबकि पिता गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
रूप नारायण अपनी पत्नी तारावती (50) और पुत्र संदीप के साथ होटल और पान की दुकान चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि परिवार ने जहरीला पदार्थ सेवन किया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने संदीप और उनकी मां को मृत घोषित कर दिया। रूप नारायण का इलाज जारी है।
जांच के दौरान मृतक संदीप की जेब से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने लिखा कि यह आत्महत्या है और इसमें किसी का दोष नहीं है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।











