गोरखपुर, 26 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की हर समस्या का त्वरित और संतुष्टिप्रद समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है, सरकार उनकी हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
जनता दर्शन के दौरान महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर करीब 200 लोगों से सीएम योगी ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लिए और पास में खड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर प्रत्येक मामले के समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण को सुनिश्चित कराया।

अपराध और जमीन कब्जा संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और गरीबों की संपत्ति पर उनका ही कब्जा सुनिश्चित हो। जनता दर्शन में आए पारिवारिक विवादों के मामलों में उन्होंने पहले संवाद स्थापित करने और समाधान न होने पर यथोचित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसी बीच कुछ लोग आर्थिक मदद के लिए आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा और प्रशासन उच्च स्तरीय इलाज के लिए शीघ्र इस्टीमेट बनवाकर आवश्यक धन उपलब्ध कराएगा। बच्चों के साथ आई महिलाओं को सीएम योगी ने चॉकलेट और आशीर्वाद देते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने मंदिर में शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर मत्था टेका। इसके बाद सीएम योगी मंदिर परिसर की गोशाला पहुंचे, गोवंश के माथे पर हाथ फेरते हुए उन्हें दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया।












