मुंबई, 02 मई।
मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी और उनकी पत्नी महजबीन कोटवाला के घर खुशियों का नया दौर आया है। दोनों एक प्यारी सी बेटी के माता-पिता बन गए हैं। शादी के दो साल बाद मिली यह खुशखबरी उनके फैंस के बीच जश्न का माहौल बना चुकी है। सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं।
मुनव्वर ने इस खुशहाल क्षण को अपने फैंस के साथ साझा करते हुए सोशल मीडिया पर अस्पताल से अपनी पत्नी और नवजात बेटी की तस्वीरें पोस्ट कीं। हालांकि, तस्वीरों में उनकी प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए उन्होंने परिवार के चेहरों को पूरी तरह से नहीं दिखाया। तस्वीरों के साथ मुनव्वर ने लिखा, "घर बरकत आई।" उनकी खुशी इन तस्वीरों में साफ नजर आ रही थी।
मुनव्वर और महजबीन इसी महीने अपनी शादी की दूसरी सालगिरह भी मनाने वाले थे, और इससे पहले ही पिता बनने की खुशी ने इस खास मौके को और भी खास बना दिया है। उनके इस सुखद पल पर फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों जैसे वरुण धवन, गौहर खान, अली गोनी और रणवीर अल्लाहबादिया ने उन्हें बधाई दी है।
गौरतलब है कि मुनव्वर और महजबीन ने साल 2024 में गुपचुप तरीके से शादी की थी और अपनी निजी जिंदगी को मीडिया से दूर रखा था। मुनव्वर की पहली शादी से एक बेटा भी है।



.jpg)







