मुरादाबाद, 02 मई।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में मुरादाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कराटे एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में मुरादाबाद के कुल 9 खिलाड़ियों ने भाग लिया और एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। मुरादाबाद लौटने पर इन सभी खिलाड़ियों का धूमधाम से स्वागत किया गया।
उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव डॉ. अजय पाठक के अनुसार, प्रतियोगिता में मुरादाबाद के राघव गुलाटी ने 11 वर्ष आयु वर्ग में 45 किलो से अधिक वजन वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जो टीम का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा। वहीं कर्मिष्ठा ज्ञानी (8 वर्ष, 25 किलो से कम) और काव्या पाल (12 वर्ष, 35 किलो से कम) ने रजत पदक जीते। आद्या कुमार पांडे (13 वर्ष, 60 किलो से कम) ने भी रजत पदक अपने नाम किया।
अर्णव कुमार पथिक (12 वर्ष, 45 किलो से कम) ने कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में योगदान दिया। अन्य खिलाड़ियों में वाणी पांडे, शौर्य पाल, लविश नागर और रोज खान ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया और अच्छा प्रदर्शन किया, हालांकि वे पदक जीतने में सफल नहीं हो सके।
मुरादाबाद लौटने पर इन सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। उनके साथ कोच और मैनेजर के रूप में आशय वर्मा और अमन कुमार भी मौजूद थे।



.jpg)







