चित्रकूट, 09 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के चित्रकूट में धर्मनगरी के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की। उन्होंने भगवान कामतानाथ के दर्शन कर पांच किलोमीटर लंबी पवित्र कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा पूरी की।
मुख्यमंत्री ने सुबह बरहा हनुमान मंदिर से अपनी पैदल यात्रा शुरू की। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। परिक्रमा के दौरान उनका सहज रूप भी दिखा, जहाँ उन्होंने मार्ग में बंदरों को अपने हाथों से चना खिलाया।
‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा परिक्रमा मार्ग गूंज उठा। मुख्यमंत्री के साथ अनेक संत-महात्मा और प्रशासनिक अधिकारी भी इस आध्यात्मिक यात्रा में शामिल रहे। महंत दिव्य जीवनदास ने उनके इस बार-बार चित्रकूट आने को उनकी गहरी आस्था का प्रतीक बताया।
सुरक्षा के लिहाज से पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बैरिकेडिंग और सघन जांच के बीच श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया गया। परिक्रमा संपन्न कर मुख्यमंत्री सर्किट हाउस लौट गए।
यहाँ से वे बांदा के लिए प्रस्थान कर गए, जहाँ उन्हें 710 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का तोहफा देना है। इस दौरान वे अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।















