रांची, 31 मार्च।
रामनवमी के अवसर पर खूंटी जिले के मुरहू क्षेत्र में हुई पथराव की घटना के गंभीर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने मंगलवार को छह सदस्यीय विशेष जांच समिति का गठन किया है।
जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि वह शीघ्र ही मुरहू पहुंचकर घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण करे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना के कारण, परिस्थितियों और अन्य संबंधित जानकारियां जुटाए। इसके बाद समिति अपनी रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी।
समिति में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और बालमुकुंद सहाय, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा तथा सीमा शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि इस जांच के माध्यम से मुरहू में हुई पथराव की घटना की सच्चाई सामने आएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।












